जम्मू, चार अक्टूबर (भाषा) जम्मू कश्मीर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने यहां एक सरकारी अधिकारी के आवास पर शनिवार को छापेमारी की और उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (सड़क एवं भवन) संभाग पुंछ के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में ‘हेड ड्राफ्टमैन’ के पद पर तैनात रहे सुमेर सिंह भाऊ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि लोक सेवक के खिलाफ अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर अपनी ज्ञात आय से अधिक चल और अचल संपत्ति अर्जित किए जाने का आरोप था तथा इन आरोपों की जांच के बाद यह मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी के अनुसार, जांच में पता लगा कि आरोपी ने कथित तौर पर भारी संपत्ति अर्जित की है। इस संपत्ति में दो मंजिला एक आलीशान मकान, लग्जरी वाहन और महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान के अलावा बैंक में भारी मात्रा में जमा धन शामिल है।
भाषा यासिर संतोष
संतोष