इंफाल, 11 जून (भाषा) मणिपुर भारतीय जनता पार्टी की अध्यक्ष अधिकारीमायुम शारदा देवी को बृहस्पतिवार को राज्य की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) के इस चुनाव के मैदान में किसी अन्य उम्मीदवार के न होने के कारण शारदा देवी को निर्वाचित घोषित किया गया।
वर्तमान राज्यसभा सदस्य लेशेम्बा सनाजाओबा का कार्यकाल इस महीने समाप्त होने के कारण उच्च सदन की इस सीट के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी।
शारदा देवी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज, राज्यसभा के लिए नामांकित होने के बाद मुझे अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ। यह अत्यधिक गर्व और सम्मान का क्षण है और मैं इस प्रतिष्ठित पद के साथ आने वाली जिम्मेदारियों के प्रति पूरी तरह सचेत हूं।’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को संभालने के लिए तैयार हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव