राज्य में शांति बहाल करने के लिए प्रयासरत है मेरी सरकार: मणिपुर के मुख्यमंत्री

Ads

राज्य में शांति बहाल करने के लिए प्रयासरत है मेरी सरकार: मणिपुर के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 09:12 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 09:12 PM IST

इंफाल, 11 जून (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार न केवल शांति बहाल करने, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच विश्वास दोबारा कायम करने और सुलह कराने के लिए भी काम कर रही है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

सिंह ने यह बात नयी दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में कही, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मणिपुर के विकास के प्रति नेतृत्व और प्रतिबद्धता के लिए नीति आयोग के अध्यक्ष व प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कड़े कदमों और केंद्र व राज्य सरकारों के संयुक्त प्रयासों से राज्य में समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है।

आंतरिक रूप से विस्थापित व्यक्तियों (आईडीपी) के पुनर्वास पर सिंह ने कहा कि केंद्र के सहयोग से बड़े पैमाने पर मानवीय कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘पुनर्वास और पुनर्स्थापन निधि के तहत चरणबद्ध तरीके से विस्थापितों को फिर से बसाने का काम चल रहा है। केंद्र सरकार की मदद से अब तक करीब 11,000 परिवारों को दोबारा बसाया जा चुका है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शेष परिवारों को भी जल्द से जल्द वापस बसाने के प्रयास कर रही है।

सिंह ने वर्ष 2026-27 के लिए पीएमएवाई-जी (प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण) योजना के तहत 5,000 अतिरिक्त घरों को मंजूरी देने के लिए भी केंद्र का आभार व्यक्त किया और आगे भी सहायता मांगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के मार्गदर्शन में राज्य लगातार शांति की ओर बढ़ रहा है।

भाषा सुमित रंजन

रंजन

शीर्ष 5 समाचार