भुवनेश्वर/बारीपदा, 11 जून (भाषा) ओडिशा की भाजपा सरकार के दो साल पूरा होने के उपलक्ष्य में मयूरभंज में आयोजित किए जाने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। समारोह स्थल का पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई बी खुरानिया ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया।
डीजीपी ने जिला पुलिस को अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने और पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री 20 जून को राज्य की राजधानी से लगभग 275 किलोमीटर दूर रायरंगपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुर्मू का गृह नगर रायरंगपुर, पड़ोसी राज्य झारखंड और पश्चिम बंगाल से सटा हुआ है।
एक अधिकारी ने बताया कि डीजीपी ने उन मार्गों का निरीक्षण किया जिनसे होकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री कार्यक्रम में शामिल होंगे।
डीजीपी ने उन स्थानों का भी निरीक्षण किया जहां मुर्मू अपने दो दिवसीय ओडिशा दौरे के दौरान जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ डीजीपी ने कार्यक्रम स्थल की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारी ने बताया कि बैठक के दौरान जिला पुलिस ने उन्हें तैनाती योजनाओं, भीड़ प्रबंधन रणनीतियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों के बारे में जानकारी दी।
हालांकि, बैठक रायरंगपुर में होगी, लेकिन पुलिस जिले के अन्य कस्बों में भी सतर्क रहेगी और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और यातायात नियंत्रण बनाए रखेगी।
अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मयूरभंज जिले के सभी होटलों, लॉज और अन्य आवासों की गहन जांच की जानी चाहिए और आगंतुकों के रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाना चाहिए।
बयान में यह भी कहा गया है कि हेलीपैड, बैठक स्थल और वीवीआईपी यात्रा मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित किया जाना चाहिए।
भाषा संतोष माधव
माधव