इजराइल ने 30 फलस्तीनियों के शव सौंपे: अस्पताल अधिकारी
इजराइल ने 30 फलस्तीनियों के शव सौंपे: अस्पताल अधिकारी
यरुशलम, 31 अक्टूबर (एपी) इजराइल ने 30 फलस्तीनियों के शव सौंप दिए हैं। गाजा स्थित एक अस्पताल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गाजा में फलस्तीनी चरमपंथियों द्वारा दो बंधकों के अवशेष इजराइल को सौंपे जाने के एक दिन बाद इन शवों को सौंपा गया है।
अवशेषों की यह अदला-बदली युद्धविराम के बाद हुई है।
इजराइल की सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि फलस्तीनी चरमपंथियों ने दो और बंधकों के अवशेष सौंप दिए हैं, जो इस बात का संकेत है कि इस सप्ताह गाजा पर इजराइली हमलों के बावजूद युद्धविराम समझौता आगे बढ़ रहा है।
सेना ने कहा कि अवशेषों को गाजा में रेड क्रॉस को सौंप दिया गया, फिर सैनिकों द्वारा इन्हें इजराइल लाया गया और पहचान के लिए ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फोरेंसिक मेडिसिन’ ले जाया गया।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन अवशेषों की पहचान सहर बारूक और अमीरम कूपर के रूप में हुई है, जिन्हें सात अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले के दौरान बंधक बना लिया गया था, जिसके बाद युद्ध शुरू हो गया था।
युद्ध विराम की शुरुआत के बाद से हमास ने अब तक 17 बंधकों के अवशेष लौटा दिए हैं जबकि 11 अन्य अभी भी गाजा में हैं, जिन्हें समझौते की शर्तों के तहत सौंप दिया जाएगा।
इजराइल ने 195 फलस्तीनियों के शव गाजा के अधिकारियों को लौटा दिए हैं, लेकिन उनकी पहचान का कोई विवरण नहीं दिया है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे सात अक्टूबर के हमले के दौरान इजराइल में मारे गए थे।
एपी
देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


